नयी दिल्ली , मई 14 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने राजधानी में चलती बस में महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को "निर्भया कांड 2.0" करार देते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ट्रिपल इंजन सरकार और दिल्ली पुलिस पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

श्री यादव ने कहा कि राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा पूरी तरह भगवान भरोसे है और लगातार बढ़ रही अपराध की घटनाएं कानून व्यवस्था की विफलता को उजागर करती हैं। उन्होंने कहा कि सरस्वती विहार इलाके से एक 30 वर्षीय महिला को बस में खींचकर ड्राइवर और कंडक्टर द्वारा कथित रूप से अपहरण कर लगभग 7 किलोमीटर दूर ले जाकर दुष्कर्म किया गया और बाद में नांगलोई मेट्रो स्टेशन के पास सड़क पर फेंक दिया गया। यह घटना 2012 के निर्भया कांड की भयावह याद दिलाती है और साबित करती है कि पुलिस ने पिछले वर्षों से कोई सबक नहीं लिया।

उन्होंने दिल्ली सरकार से मांग की कि पीड़िता को तुरंत उचित मुआवजा दिया जाए और आरोपियों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर सख्त सजा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद यदि राजधानी में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।

उन्होंने हाल ही में जनकपुरी के एक निजी स्कूल में तीन वर्षीय बच्ची के यौन शोषण की घटना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं रह गया है। उन्होंने महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध करने वालों के लिए कठोर कानून बनाने की मांग की।

श्री यादव ने एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 2024 में दिल्ली में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में दुष्कर्म , अपहरण, घरेलू हिंसा और यौन उत्पीड़न की घटनाएं चिंताजनक स्तर पर पहुंच चुकी हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित