नयी दिल्ली , अक्टूबर 28 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने राजधानी में शराब की ऑनलाइन बुकिंग के लिए "शराब बुकिंग एप्प" शुरू करने की योजना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की आलोचना की।
श्री यादव ने कहा कि ऐप के जरिए एक निर्धारित स्टोर से अधिकतम नौ बोतल शराब और 19 बोतल बीयर की ऑनलाइन बुकिंग और भुगतान किया जा सकेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के रोजगार, शिक्षा और प्रदूषण जैसी गंभीर समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय शराब की आसान उपलब्धता को बढ़ावा दे रही है। भाजपा सरकार ने पिछली आम आदमी पार्टी सरकार की आबकारी नीति से कोई सबक नहीं सीखा है।
उन्होंने आशंका जतायी कि ऑनलाइन शराब बुकिंग से युवाओं और परिवारों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने यह फैसला वापस नहीं लिया, तो दिल्ली कांग्रेस इसके खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन करेगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में बेरोजगारी, वायु एवं जल प्रदूषण, अपराध, महंगाई, टूटी सड़कें और कचरे जैसी समस्याएं गंभीर बनी हुई हैं। सरकार को सरकारी स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं सुधारने और युवाओं को रोजगार देने पर प्राथमिकता देनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित