पटना , मई 01 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री रामकृपाल यादव ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बिहार में कानून-व्यवस्था पर उठाये सवालों को खारिज करते हुए कहा कि राज्य में अपराध का दौर राजद के शासन काल में था और वर्त्तमान सरकार ने कानून का राज स्थापित किया है।
श्री यादव ने नेता प्रतिपक्ष की उस हालिया टिप्पणी कि बिहार में अपराधी सम्राट बन गए हैं, का जवाब देते हुए कहा कि ऐसी स्थिति लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के मुख्यमंत्री रहते हुए थी। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के वर्तमान नेतृत्व में कड़ी कानून व्यवस्था के कारण अपराधियों को "छिपने पर मजबूर" होना पड़ा है।
प्रदेश के पूर्व मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में है और शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों से कड़ाई से निपटा जाएगा।
श्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने पुलिस व्यवस्था और प्रशासन में काफी सुधार किये हैं, जिससे पूरे बिहार में शांति और स्थिरता सुनिश्चित हुई है।
उल्लेखनीय है कि हाल में भागलपुर और सीवान में हुई पुलिस मुठभेड़ों की पृष्ठभूमि में राष्ट्रीय जनता दल ने आरोप लगाया था कि पुलिस एक विशेष समुदाय के लोगों को चुनकर निशाना बना रही है। राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने मुठभेड़ों के पीछे की मंशा पर सवाल उठाते हुए जवाब माँगा था और मुद्दे को राजनीतिक रंग देने के लिए जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का नाम भी लिया था।
पूर्व मंत्री ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और सामान्य पुलिस कार्रवाई का राजनीतिकरण करने की आवश्यकता नही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित