पटना , फरवरी 28 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमों लालू प्रसाद यादव ने रविवार को पार्टी की बैठक बुलाई है, जिसमें प्रतीक्षित राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों के नाम तय किये जायेंगे।

श्री यादव ने पार्टी नेताओं की बैठक बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आधिकारिक आवास पर 10 सर्कुलर रोड पर बुलाई है। पार्टी के सभी विधायक, विधान पार्षद, राज्यसभा सदस्य तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं के इस बैठक में शामिल होने की उम्मीद है।

निर्वाचन आयोग ने हाल ही में राज्यसभा की 37 सीटों के चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया है, जिनमें से पांच सीटें बिहार की हैं। इस बार खाली हो रही पांच सीटों में से तीन राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की और दो राजद की हैं।राजग की तीन सीटों में से दो पर वर्तमान में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के हरिवंश और रामनाथ ठाकुर काबिज हैं, जबकि एक सीट राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा के पास है। वहीं दो सीटें राजद नेताओं अमरेन्द्र धारी सिंह और प्रेमचंद गुप्ता के पास है।

उल्लेखनीय है कि 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में एक सीट जीतने के लिए 41 सदस्यों का समर्थन आवश्यक है। 202 सीटों की ताकत के साथ राजग को चार सीटें जीतने में कोई कठिनाई नहीं होगी, लेकिन राजद को एक सीट जीतने के लिए भी संघर्ष करना पड़ सकता है। महागठबंधन में राजद के अपने 25 विधायक हैं और उनके गठबंधन की कुल संख्या 35 है, ऐसे में उसे ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के 5 तथा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के एक सदस्य का समर्थन लेना होगा।

राजनीतिक हलकों में इस बात की चर्चा है कि राजद तेजस्वी प्रसाद यादव को राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बना सकती है। यदि तेजस्वी यादव राज्यसभा चुनाव जीतने के बाद विधायक पद से इस्तीफा देते हैं, तो राघोपुर सीट से लालू परिवार का कोई सदस्य चुनाव लड़ सकता है। हालांकि पार्टी के किसी नेता ने अब तक तेजस्वी के राज्यसभा चुनाव लड़ने की संभावना की पुष्टि नहीं की है।

राज्यसभा की खाली सीटों पर नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 05 मार्च है, जबकि आवश्यकता पड़ने पर 16 मार्च को मतदान होगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित