पटना , अप्रैल 23 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बुधवार को 1857 स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी बाबू वीर कुंवर सिंह की जयंती मनाई।
राजद के राज्य कार्यालय में आज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल की अध्यक्षता में बाबू वीर कुंवर सिंह की जयंती मनाई गयी।इस अवसर पर उनके तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।
राजद अध्यक्ष श्री मंडल ने इस अवसर पर कहा कि बाबू वीर कुँवर सिंह को याद कर हम सभी अपने पूर्वजों की कुर्बानियों को याद करते हैं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए जिन लोगों ने अपनी जान की बाजी लगायी, उसमें एक बड़ा नाम बाबू वीर कुँवर सिंह का है। उन्होंने कहा कि बाबू वीर कुँवर सिंह सन् 1857 ई0 की आजादी की प्रथम लड़ाई के नायक थे।80 वर्ष की उम्र में बाबू वीर कुंवर सिंह ने झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई, तात्या टोपे तथा बहादुर शाह जफर के साथ मिलकर अंग्रेजी शासन से टक्कर ली। वह सबकुछ न्योच्छावर कर भारत माँ की आजादी के लिए अंतिम सांस तक अंग्रेजों से लड़ते रहे।
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. कान्ति सिंह,राष्ट्रीय महासचिव भोला यादव,बिनु यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, विधायक सूबेदार दास,प्रदेश मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव, प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद, श्रीमती मधु मंजरी, सहित कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने बाबू वीर कुँवर सिंह के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित