रांची , जून 19 -- झारखंड में संपन्न हुए राज्यसभा चुनाव के बाद महागठबंधन के भीतर बयानबाजी तेज हो गई है।

कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू के बयान पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

राजद के वरिष्ठ नेता एवं हेमंत सरकार में श्रम एवं नियोजन , उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कांग्रेस के आरोपों को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि राजद ने पूरी निष्ठा के साथ इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया है।

राजद प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में श्री यादव ने कहा कि पार्टी प्रमुख लालू प्रसाद यादव और वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव के स्पष्ट निर्देश थे कि सभी विधायक इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार को वोट दें। उन्होंने दावा किया कि राजद के सभी विधायकों ने पार्टी के पोलिंग एजेंट भोला यादव को वोट दिखाकर मतदान किया था।

इस मौके पर राजद के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव ने कांग्रेस प्रभारी के. राजू पर निशाना साधते हुए कहा कि राजद सिद्धांतों और विचारधारा की राजनीति करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा को वोट देने से बेहतर राजद कार्यकर्ता जेल जाना और संघर्ष करना पसंद करेंगे, लेकिन सांप्रदायिक ताकतों का समर्थन नहीं करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रभारी अपने दल की आंतरिक कमजोरियों और राजनीतिक चूक को छिपाने के लिए राजद पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं।

राजद प्रदेश अध्यक्ष श्री यादव ने कहा कि कांग्रेस को अपने इतिहास पर नजर डालनी चाहिए। जब-जब कांग्रेस पर राजनीतिक संकट आया है, तब-तब राजद और उसके नेतृत्व ने उसका साथ दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने संगठन की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए।

वहीं राजद के महासचिव भोला यादव ने भी कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि राजद के सभी विधायक इंडिया गठबंधन के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से संयम बरतने और सार्वजनिक बयानबाजी पर लगाम लगाने की सलाह दी। भोला यादव ने कहा कि राजद हर परिस्थिति का सामना करने के लिए तैयार है और पार्टी अपनी विचारधारा से कोई समझौता नहीं करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित