पटना, जुलाई 06 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने सोमवार को कहा कि उनकी पार्टी इस बार बांकीपुर विधानसभा उप चुनाव में जीत हासिल करेगी।

श्री यादव ने आज बयान जारी कर कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने के साथ ही उनकी पार्टी तैयारियों में जुट गई है। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में उनकी पार्टी के उम्मीदवार को पचास हजार के आसपास मत मिले थे, जो इस क्षेत्र में उनकी पार्टी के बढ़ते प्रभाव का संकेत थे।

राजद प्रवक्ता ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में उनकी पार्टी के कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर लगातार काम करते रहे हैं और ऐसी जमीन तैयार कर ली गयी है जिसमे सत्तारूढ़ दल के प्रत्याशी को पराजित किया जा सके। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सहयोगी दलों से उम्मीद है कि वह इस उपचुनाव में राजद प्रत्याशी का पूरा समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि राजद इस बार बांकीपुर का चुनाव मुस्तैदी से लड़ेगी और जीत कर दिखाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित