गोपालगंज , सितंबर 08 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अशरफ फातमी ने मंगलवार को कहा कि राजद अल्पसंख्यकों के हक-हकूक, सम्मान, सुरक्षा और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए अंतिम दम तक संघर्ष करता रहेगा।

श्री फातमी ने गोपालगंज में आयोजित राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राजद हमेशा सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ता रहा है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समाज के अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ उनके सम्मान और सुरक्षा के लिए पार्टी पूरी मजबूती से आवाज उठाती रहेगी।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। अल्पसंख्यक समाज को डराने, दबाने अथवा उनके अधिकारों से वंचित करने की किसी भी कोशिश का राजद मजबूती से विरोध करेगा। उन्होंने कहा कि देश की वास्तविक तरक्की तभी संभव है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर, सम्मान और न्याय मिले।

श्री फातमी ने कहा कि राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पार्टी सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों की आवाज को लगातार मजबूती प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों के साथ-साथ दलितों, पिछड़ों, अतिपिछड़ों, गरीबों, किसानों, मजदूरों और युवाओं के अधिकारों के लिए राजद पूरी प्रतिबद्धता के साथ संघर्ष करता रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित