पटना , अप्रैल 30 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर हमला करते हुए गुरुवार को कहा कि महज छह महीनों में ही प्रदेशवासी सरकार से उदासीन हो चुके हैं। श्री यादव ने आज बयान जारी कर कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद छह महीने के भीतर ही राज्य ने दो मुख्यमंत्री देख लिए, जिससे सरकार की स्थिरता और दिशा पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस अवधि में सरकार का लगभग 46.03 प्रतिशत समय व्यर्थ चला गया, जबकि अब तक न तो स्पष्ट नीतियां तय हो सकी हैं और न ही ठोस कार्यक्रम सामने आए हैं।

नेता प्रतिपक्ष श्री यादव ने कहा कि एक पखवाड़े से केवल तीन लोग ही बिहार चला रहे है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधूरे मंत्रिमंडल के साथ सीमित लोगों द्वारा बिना पर्याप्त विमर्श के निर्णय लिए जा रहे हैं, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया के विपरीत है। उन्होंने राजग नेतृत्व पर सत्ता के लिए नैतिक मूल्यों की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने विशेष रूप से नीतीश कुमार का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले वर्षों में बार-बार सरकार के गठन और पुनर्गठन से प्रशासनिक अस्थिरता बढ़ी है, जिससे शासन व्यवस्था प्रभावित हुई है।

श्री यादव ने कहा कि राज्य वर्तमान में नौकरशाही के दबाव, भ्रष्टाचार, कमजोर कानून-व्यवस्था, आर्थिक चुनौतियों और बेरोजगारी जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने दावा किया कि इन परिस्थितियों में आम जनता युवा, महिला, छात्र, किसान, कर्मचारी और व्यापारी सरकार से निराश हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जो सरकार स्वयं समस्याओं में उलझी हो, वह जनता की समस्याओं का समाधान करने में सक्षम नहीं हो सकती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित