‎पटना , अप्रैल 29 -- भारतीय जनताा पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बुधवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार में व्यवसायी और उद्योगपतियों को सुरक्षा और सम्मान मिल रहा है।

बिहार भाजपा वाणिज्य प्रकोष्ठ की ओर से आज दानवीर शूरवीर भामाशाह की जयंती के मौके पर एक समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी शामिल हुए। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित उपस्थित लोगों ने भामाशाह की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया और उनके जीवन और उनके आदर्शों को याद करते हुए उन पर चलने का संकल्प लिया।

‎ बिहार भाजपा के अध्यक्ष श्री सरावगी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भामाशाह ने अपनी पूरी संपत्ति राष्ट्र की रक्षा के लिए समर्पित कर दी थी। उन्होंने कहा कि राजग की सरकार में व्यवसायी और उद्योगपतियों को सुरक्षा और सम्मान मिल रहा है। उन्होंने 2005 से पहले के बिहार का उल्लेख करते हुए कहा कि वह दौर आज भी याद है जब शादियों और समारोहों में व्यापारियों के शोरूम से वाहन और सामान उठा लिए जाते थे। आज व्यवसायियों और उद्योगपतियों के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया जाता है।

‎ श्री सरावगी ने कहा कि 2005 में नीतीश कुमार ने जब सत्ता संभाली तो इसके बाद प्रदेश में सुशासन स्थापित किया गया और अब उसी रास्ते पर चलकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बिहार को समृद्ध बनाने में जुटे हैं। उन्होंने प्रदेश के व्यवसायियों और उद्योगपतियों को भरोसा देते हुए कहा कि बिहार में अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। भागलपुर में आज एक अपराधी के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि अपराधियों के लिए संकेत साफ है कि अपराधी या तो अपराध छोड़ दें या बिहार छोड़ दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित