पटना, मई 02 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने शनिवार को कहा कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार अपराध नियंत्रण के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और किस भी असामाजिक तत्व को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी ।

श्री प्रसाद ने आज संवाददाताओं से कहा कि बिहार में अपराध नियंत्रण नीतीश सरकार की प्राथमिकता में शामिल था और अब सम्राट चौधरी के नेतृत्व में नई सरकार भी उसे आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि हर हालत में प्रदेश में कानून का शासन स्थापित किया जायेगा।

जदयू के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता ने सुल्तानगंज में कार्यपालक अधिकारी के हत्यारे के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने पर कहा कि पुलिस को कई बार अपराध नियंत्रण के लिए ऐसे मुठभेड़ में भाग लेना पड़ता है और जरूरत करने पर आत्म रक्षा में गोली चलानी पड़ती है।

श्री प्रसाद ने पुलिस मुठभेड़ पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी यादव के सवालों के जवाब में कहा कि श्री यादव चाहते हैं कि पिछली राजद सरकार की तरह चारो तरफ अपराधी सक्रिय रहें और पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रहे।

जदयू के मुख्य राष्ट्रीय प्रवक्ता ने राजधानी पटना के कुछ भवनों पर बुलडोजर चलाये जाने पर कहा कि ऐसा न्यायालय के आदेश पर किया जाता और कानूनी प्रक्रिया का ख्याल रखा जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार उन्ही भवनों पर बुलडोजर चलती है जो अवैध है और न्यायालय ने उनको गिराने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी किसी व्यक्ति को लगता है कि उसके पास जमीन और भवन के उचित कागजात हैं तो वह न्यायालय की शरण में जा सकता है।

श्री प्रसाद ने निशांत कुमार की सद्भाव यात्रा पर कहा कि कल से उनकी यात्रा गाँधी के चंपारण से शुरू होगी। उन्होंने कहा कि निशांत पार्टी के कार्यकर्ताओं की पुरजोर मांग के बाद संगठन से जुड़े हैं और अपने पिता नीतीश कुमार के नक्शे कदम पर चल रहे है। उन्होंने कहा कि पार्टी को निशांत से बहुत उम्मीदें हैं और उनके नेतृत्व में जदयू संगठन नई ऊँचाइयों तक पहुंचेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित