पटना, जुलाई 28 -- बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के अंतिम दिन मंगलवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में अभिनेता एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधान पार्षद पवन सिंह के नेतृत्व में विशाल बाइक रैली का आयोजन किया गया। मिठापुर स्थित ड्यूक शोरूम से प्रारंभ हुई यह बाइक रैली पूरे विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए चिल्ड्रेन पार्क तक पहुंची। इस रैली में पवन सिंह प्रत्याशी नीरज सिन्हा सहित सांसद रविशंकर प्रसाद एक रथ पर सवार थे।

‎ स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया तो नीरज सिन्हा ने भी हाथ जोड़कर उनका अभिवादन स्वीकार किया।

‎रैली में सैकड़ों मोटरसाइकिलों के साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, युवाओं एवं राजफ समर्थकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे मार्ग में भाजपा के झंडों और नारों से चुनावी माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण बना रहा।

‎बाइक रैली मिठापुर से जनता पथ, जयप्रकाश नगर, पुरंदरपुर, करबिगहिया, जक्कनपुर थाना, पोस्टल पार्क चौराहा, दुर्गा मंदिर, चिरैयाटांड़ पुल, एक्जीबिशन रोड, सर गुलाम चौक, गांधी मैदान, छज्जूबाग, बुद्धमार्ग (चीना कोठी), लोहानीपुर, गोलघर चौराहा, अशोक राजपथ, बुद्धा कॉलोनी थाना, हॉस्पिटल इंडिया चकरम मोड़, पीएनटी कॉलोनी, सांसद आवास, बोरिंग कैनाल रोड, राजापुर, दक्षिण बोरिंग कैनाल रोड, बिकानेर स्वीट्स होते हुए चिल्ड्रेन पार्क तक पहुंची। पूरे मार्ग में स्थानीय लोगों ने हाथ हिलाकर, पुष्पवर्षा कर तथा भाजपा कार्यकर्ताओं का अभिनंदन कर रैली का स्वागत किया।

‎रैली के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह और ऊर्जा का वातावरण देखने को मिलाजगह-जगह आम नागरिक अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों से बाहर निकलकर बाइक रैली का अभिवादन करते दिखाई दिए। युवाओं की बड़ी भागीदारी ने रैली को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

‎प्रचार अभियान के अंतिम दिन आयोजित इस शक्ति प्रदर्शन ने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में राजग कार्यकर्ताओं के उत्साह और संगठन की मजबूती का परिचय दिया। रैली में शामिल कार्यकर्ताओं ने पूरे मार्ग में मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं, व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी ने रैली को जनसंपर्क अभियान का स्वरूप दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित