नयी दिल्ली , जून 10 -- देश में निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में लगातार सबसे लम्बे कार्यकाल का गौरव हासिल करने पर श्री नरेंद्र मोदी का सत्तारूढ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के शीर्ष नेताओं , मुख्यमंत्रियों और उप-मुख्यमंत्रियों ने बुधवार को यहां एक विशेष समारोह में अभिनंदन किया और उनके नेतृत्व में देश की चहुमुखी प्रगति का उल्लेख करते हुए एक प्रस्ताव परित किया।

भारत मंडपम की भव्यता और उत्सव के वातावरण में इस राजग नेताओं का समागम अपराह्न करीब तीन बजे शुरू हुआ और शाम लगभग छह बजे तक चला।इस दौरान राजग नेताओं की विशेष बैठक में तेलुगू देशम पार्टी के प्रमुख और आंध्र प्रदेश के मुख्यम मंत्री चंद्रबाबू नायडू ने श्री मोदी के 4399 दिन के कार्यकाल को 'जनकेंद्रित विकास, सहभागी लोकतंत्र और कार्य प्रदर्शन-उन्मुख शासन' का दौर बताते हुए अभिनंदन प्रस्ताव रखा जिसे केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने पढ़ा।

इस प्रस्ताव का नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफिउ रियो ने अनुमोदन किया। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, एचडी कुमारास्वामी, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, जयंत चौधरी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय मंत्री अमित शाह तथा राजनाथ सिंह ने प्रस्ताव समर्थन किया।

प्रस्ताव में कहा गया है, ''प्रधानमंत्री मोदी ने आज 10 जून 2026 को अपने कार्यकाल के 4,399 दिन पूरे करते हुए 62 वर्षों से चले आ रहे एक महत्वपूर्ण पड़ाव को पार कर लिया है। इस बीच भारत में 13 नेता प्रधानमंत्री बने। इस महत्वपूर्ण पड़ाव से प्रधानमंत्री मोदी की असाधारण उपलब्धि का पता चलता है। उन्होंने बार-बार जनता का विश्वास जीता है क्योंकि उनका नेतृत्व प्रत्येक भारतीय की आकांक्षाओं को पूरा करने की गहरी प्रतिबद्धता पर आधारित है। उनका नेतृत्व कार्य निष्पादन, उत्तरदायित्व और सत्यनिष्ठा का आदर्श उदाहरण है।'' श्री नायडू ने श्री मोदी की नेतृत्व क्षमता की जमकर तारीफें कीं। उन्होंने कहा कि श्री मोदी इस सदी का नेतृत्व कर रहे हैं और अपनी सोच, ऊर्जा तथा जनसेवा के संकल्प से पूरे देश को नयी दिशा दे रहे हैं। प्रधानमंत्री सभी सहयोगी दलों और नेताओं को प्रेरणा और ऊर्जा देते हैं और जनता की सेवा के लिए उन्होंने जो काम किया है, वह अतुलनीय है।

उन्होंने पश्चिम बंगाल में भाजपा को मिले प्रचंड जनसमर्थन का भी जिक्र करते हुए कहा कि अब उन्हें यह यकीन हो गया है कि बंगाल जो आज सोचता है, वही देश कल सोचता है। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल भी देश के विकास और प्रगति का प्रतिनिधित्व करेगा। चाहे बुनियादी ढांचे का विकास हो या गरीब कल्याण की योजनाएं, प्रधानमंत्री ने विकास के नए मानदंड स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे राजग परिवार को प्रधानमंत्री मोदी पर गर्व है और उनके नेतृत्व में गठबंधन के सभी दल देश के विकास और जनता की सेवा के लिए पूरी तरह समर्पित हैं।

श्री शिंदे ने श्री मोदी को 140 करोड़ भारतवासियों के स्वाभिमान बताया और कहा. " कि आतंकवादियों को खत्म करने का नाम है, मोदी। गरीब कल्याण और गरीबों के उत्थान का नाम है, मोदी। वैश्विक पटल पर भारत के सम्मान का नाम है, मोदी। देश की नई उड़ान का नाम है, मोदी।"उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने महाराष्ट्र को सबसे ज्यादा विकास के लिए आर्थिक मदद देने का काम किया है। उन्होंने कहा, हमारे प्रधानमंत्री वतन को सबसे आगे रखते हैं।"इस विशेष बैठक में करीब 35 सहयोगी दलों के 75 से ज्यादा वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस बैठक को 2029 में होने वाले लोकसभा चुनाव के राजनीतिक रोडमैप और 'विकसित भारत' विजन की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मोदी सरकार के कार्यकाल '12 साल बेमिसाल' नाम दिया है। पार्टी ने केंद्र सरकार की योजनाओं, अवसंरचना परियोजनाओं, गरीब कल्याण कार्यक्रमों और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती ताकत को एक बड़े आख्यान के रूप में जनता तक पहुंचायाने की योजना बनायी है।

गौरतलब है कि श्री मोदी 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद 30 मई 2019 और फिर नौ जून 2024 में लगातार बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली। उन्होंने 10 जून को निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व करने के पंडित जवाहरलाल नेहरू के 4399 दिनों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित