नयी दिल्ली , अगस्त 11 -- सत्तारुढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) संसदीय दल की यहां मंगलवार को हुई साप्ताहिक बैठक- 'मंगल मिलन' में 'हर-घर तिरंगा' का वातावरण था।

जीएमसी बालयोगी सभागार में हुई इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा और अन्ना द्रमुक के एम तंबी दुरै समेत सभी नेता और सांसद हाथों में तिरंगा लिये हुए थे। इस दौरान 'वंदे मातरम्' तथा 'भारत माता की जय' के नारे भी लगाये गये। बैठक में तृणमूल से अलग हुए सांसद भी शामिल थे।

'आज़ादी का अमृत महोत्सव' के तहत स्वाधीनता दिवस समारोहों के उपलक्ष्य में देश भर में 'हर घर तिरंगा' अभियान चलाया जा रहा है।संस्कृति मंत्रालय और स्थानीय प्रशासन के नेतृत्व में 9 से 17 अगस्त के बीच देश के विभिन्न राज्यों व शहरों में रैलियां निकाली जा रही हैं।

वर्तमान मानसून सत्र के दौरान मंगल मिलन की यह अंतिम बैठक है। राजग ने संसद सत्र के दौरान हर मंगलवार को होने वाली बैठक को वर्तमान सत्र से 'मंगल मिलन' का नाम दिया है। यह सत्र गुरुवार को समाप्त हो रहा है। सत्र के दौरान साप्ताहिक बैठक में सत्तारूढ़ गठबंधन के घटक दल सदन की कार्यवाही के एजेंडा पर अपनी समन्वित रणनीति तय करते हैं।

मानसून सत्र के दौरान दोनों सदनों की कार्यवाही विपक्षी दलों के बार-बार के हंगामे से बुरी तरह प्रभावित हुई है । मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस और कुछ अन्य दल मानसून सत्र से पहले दिन दिल्ली में संसद की ओर बढ़ रहे युवा प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई की जिम्मेदारी तय किये जाने को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री से जवाब की मांग कर रहे हैं।

इस बीच आज संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की आलोचना करते हुए कहा कि अब उन्हें संसद से "भागना नहीं चाहिए", क्योंकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उनके सवालों का जवाब देने के लिए तैयार हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित