पटना , अप्रैल 29 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बुधवार को आरोप लगाया है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेता "यंत्र-तंत्र और षड्यंत्र" के सहारे चुनाव जीतते हैं और आम लोगों की समस्याओं के प्रति असंवेदनशील हैं ।
श्री यादव ने आज बयान जारी कर राजग के नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं।उन्होंने केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी को "बेरहम, बेपरवाह, निर्मम और निष्ठुर" बताया और कहा कि "यंत्र-तंत्र और षड्यंत्र" के सहारे चुनाव जीतने वाले राजग के नेता आम लोगों की समस्याओं के प्रति असंवेदनशील हैं। उन्होंने दिल्ली में एक बिहारी युवक की कथित पुलिस गोलीबारी में मौत का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार और गृह मंत्रालय पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, दिल्ली में एक बिहारी युवक की गृहमंत्री अमित शाह के अधीन दिल्ली पुलिस ने केवल बिहारी होने के नाते गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि जीतनराम मांझी का कथित बयान "मार दिया तो मार दिया, क्या करें?" संवेदनहीनता को दर्शाता है। वहीं विजय चौधरी पर उन्होंने घटना की जानकारी न होने को लेकर भी निशाना साधा।
श्री यादव ने जनता से सोच समझ कर नेता चुनने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे नेताओं को चुनने पर इसी तरह की प्रतिक्रियाएं मिलती हैं। उन्होंने कहा कि 10 हज़ार नगद लेकर संवेदनहीन लोगों को चुनने पर इसी तरह के असंवेदनशील जवाब सुनने को तैयार रहना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित