पटना , मई 16 -- पर्यटन विभाग एवं जिला प्रशासन नालंदा ने 17 मई से 15 जून तक आयोजित होने वाले मलमास मेला की तैयारियां पूरी कर ली है।

विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह ने शनिवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए राजगीर स्टेट गेस्ट हाउस के पास 2000 व्यक्तियों तथा राजगीर रेलवे स्टेशन परिसर, ब्रह्मकुंड के निकट और मेला थाना के पास 1000-1000 व्यक्तियों की आवासन क्षमता वाले जर्मन हैंगर पंडाल बनाए गए हैं। इन स्थलों पर चेंजिंग रूम, स्नानघर, पुरुष एवं महिला शौचालय, पेयजल, कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कैमरा, हेल्थ कैंप तथा सस्ती रोटी काउंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है।

इसके अतिरिक्त 10 मिनी राजवाड़ी टेंट, विभिन्न स्थलों पर जर्मन यात्री शेड तथा वाटरप्रूफ पंडाल की भी व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों के वाहनों के लिए पीएचईडी कैम्पस, विश्वशांति स्तूप के निकट, किला मैदान, आरडीएच हाई स्कूल मैदान, पीटीजेएम कॉलेज, हॉकी मैदान, सोन भंडार, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, गौरक्षणी तथा मेयार बाईपास सहित अनेक पार्किंग स्थलों को चिन्हित किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित