अलवर , दिसम्बर 27 -- राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ -अलवर मेगा हाईवे मार्ग के मध्य स्थित कांदोली बाईपास पर केंद्रीय विद्यालय राजगढ़ में ही खोलने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, विपक्ष के नेता टीकाराम जूली, पूर्व केंद्रीय मंत्री भंवर जितेंद्र सिंह, वैभव गहलोत सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी पहुंचे।

इन नेताओं ने इस मांग को लेकर आंदोलन का समर्थन किया। श्री जूली ने कहा कि इतना बड़ा आंदोलन हो रहा है। लोग धरने पर बैठे हैं। सरकार के कानों पर जूं नहीं रेंग रही है। जब राजगढ़़ को केंद्रीय विद्यालय मिला तो राजगढ़ में बनना चाहिए। सरकार के पास जमीन नहीं है तो अधिग्रहण करे।

उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बताते है । बडी-बडी बातें करते हैं। अगर रैणी में देना है तो दूसरा केंद्रीय विद्यालय रैणी को दे दो। इस सरकार को देखना चाहिए एवं सोचना चाहिए। व्यापारी, किसान औरा मजदूर धरने पर बैठे है। इसलिए सरकार ध्यान दे।

आवाज मंच के मुकेश जैमन ने बताया कि चार दिन से राजगढ़ कस्बा बंद है। जबकि शासन प्रशासन संवेदनहीन है जो ध्यान नहीं दे रहा है। दो दिन से महापड़ाव हो रहा है। आज राजगढ़ प्रशासन से वार्ता भी की, लेकिन समाधान नही निकला है। उन्होंने बताया कि अब वे अनिश्चित काल के लिए आमरण अनशन पर बैठ गए है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित