अलवर , अक्टूबर 17 -- राजस्थान में राजगढ़ नगरपालिका मंडल की शनिवार को हुई साधारण सभा की प्रथम बैठक में नगरीय कर वसूली के लिए अन्य पक्ष को ठेका दिए जाने के प्रस्ताव का सभी पार्षदों ने विरोध किया।

बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं उठाते हुए सफाई व्यवस्था में सुधार, जलभराव की समस्या का समाधान, बंदरों को पकड़ने, अतिक्रमण हटाने और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए कीटनाशक दवा का छिड़काव कराने की मांग की। इसके साथ ही आवारा पशुओं को पकड़ने, शहरी क्षेत्र में शामिल नए वार्डों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने और सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भार वाहक और कचरा वाहक वाहनों की संख्या बढ़ाने जैसे मुद्दे भी उठाए गए।

पार्षदों ने दीपावली से पहले शहर के सभी वार्डों में साफ-सफाई और रोशनी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी विक्रान्त शर्मा ने बताया कि नगरपालिका को हुडको से स्वीकृत ऋण के संबंध में राज्य सरकार के साथ त्रिपक्षीय समझौता होना है। इस विषय को ध्यानाकर्षण बिंदु के रूप में बोर्ड के समक्ष रखा गया। इसके अलावा नगरपालिका की आय बढ़ाने के उद्देश्य से नगरीय कर का सर्वेक्षण और वसूली के लिए अन्य पक्ष को ठेका देने, अनुपयोगी सामान की नीलामी और पोस्टर लगाने के लिए अलग से टेंडर जारी करने के प्रस्ताव रखे गए।

उन्होंने बताया कि बैठक में सफाई कर्मचारियों की वरिष्ठता सूची जारी करने का मुद्दा भी शामिल रहा। वहीं, अस्थायी किराये पर संचालित दुकानों के नवीनीकरण का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में सभी वार्ड पार्षद और नगरपालिका के कार्मिक मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित