जयपुर , अक्टूबर 17 -- राजस्थान की सिरोही पुलिस ने गुजरात के राजकोट में हत्या कर 1.55 करोड़ रुपये का सोना लूटने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार पुलिस ने गुजरात के राजकोट शहर में हत्या कर सोना-चांदी लूटने की वारदात के बाद फरार चल रहे इन आरोपियों को गुजरात पुलिस की मदद से पकड़ लिया, वहीं सिरोही जिले में मक्का और सौंफ की फसल की आड़ में की जा रही गांजे की अवैध खेती का पर्दाफाश करते हुए भारी मात्रा में गांजे के पौधे जब्त किए तथा एक अन्य कार्रवाई में अफीम दूध बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

पिण्डवाड़ा थाना पुलिस ने जनापुर चौराहे पर नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध कार को रुकवाकर विशाल सिंह, शिवम गुप्ता और अनुराग सिंह को पकड़ा और कार से भागे अश्विनी सिंह उर्फ लंकेश को भी झाड़ोली बाईपास पर एक निजी बस से पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर उदयपुर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस थाना सुखेर, उदयपुर की टीम ने दूसरी कार में जा रहे शिवम पाण्डे उर्फ आसु चतुर्वेदी एवं अजीत पाण्डे उर्फ लालू को दस्तयाब कर लूटा गया सोना-चांदी बरामद किया। आरोपियों से मिली जानकारी के अनुसार घटना में प्रयुक्त हथियार गुजरात के चोटिला माता मंदिर के पास एक गेस्ट हाउस में ठहरे अन्य साथियों के पास होने की सूचना गुजरात क्राइम ब्रांच को भी दी गई।

लूटी गई संपत्ति में करीब 946 ग्राम रिफाइंड सोने की सिल्लियां, जिनकी कीमत लगभग एक करोड़ 48 लाख 90 हजार रुपये, तथा करीब 2.870 किलोग्राम चांदी का पाउडर, जिसकी कीमत लगभग 6 लाख 17 हजार रुपये बताई गई है। कुल बरामद संपत्ति का मूल्य लगभग एक करोड़ 55 लाख सात हजार रुपये है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित