अलवर , मार्च 06 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आमजन को डिजिटल पुलिस सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत महिला थाना खैरथल पुलिस दल ने परिवहन वाहनों पर क्यूआर कोड स्टिकर लगाकर लोगों को राजस्थान पुलिस के राजकॉप सिटीजन ऐप के प्रति जागरुक किया।
पुलिस अधीक्षक मनीष चौधरी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह के निर्देशानुसार महिला थाना अधिकारी नंदलाल जांगिड़ के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान बस, मिनी बस, ऑटो, ई-रिक्शा, टैक्सी और कैब सहित विभिन्न परिवहन साधनों पर करीब 130 क्यूआर कोड स्टिकर लगाये गये। इन स्टिकरों को स्कैन करके आमजन आसानी से अपने मोबाइल फोन में राजकॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड कर सकते हैं।
इस दौरान पुलिस दल ने वाहन चालकों और आम नागरिकों को ऐप की उपयोगिता और इसके विभिन्न विशेषताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। महिला थानाधिकारी नंदलाल जांगिड़ ने बताया कि राजकॉप सिटीजन ऐप के माध्यम से आम नागरिक घर बैठे ही पुलिस से जुड़ी कई महत्वपूर्ण सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। ऐप के जरिए शिकायत दर्ज कराना, गुमशुदगी की सूचना देना, किरायेदार और घरेलू नौकर का सत्यापन कराना, वाहन या मोबाइल चोरी की रिपोर्ट दर्ज करना और आपातकालीन स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करना बेहद आसान हो जाता है।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने लोगों को मौके पर ही क्यूआर कोड स्कैन करके ऐप डाउनलोड करने की प्रक्रिया भी समझाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित