चेन्नई , फरवरी 26 -- वयोवृद्ध भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) नेता आर. नल्लाकन्नु की अंतिम यात्रा गुरुवार दोपहर को शुरू हुई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें नम आंखों से विदाई दी।

श्री नल्लाकन्नु का 101 वर्ष की आयु में वृद्धावस्था संबंधी समस्याओं के कारण निधन हो गया था।

देश में कम्युनिस्ट आंदोलन के संस्थापक सदस्यों में से एक, नल्लाकन्नु के पार्थिव शरीर को शहर के भाकपा कार्यालय से एक एम्बुलेंस में मद्रास मेडिकल कॉलेज (एमएमसी) अस्पताल ले जाया गया। उनकी अंतिम इच्छा के अनुसार, उनके शरीर को चिकित्सा शोध के लिए अस्पताल को सौंप दिया गया है। गौरतलब है कि उन्होंने कल दोपहर 1:55 बजे राजीव गांधी सरकारी सामान्य अस्पताल में अंतिम सांस ली थी।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रमुक अध्यक्ष एम.के. स्टालिन सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। सुपरस्टार रजनीकांत, कमल हासन जैसी फिल्मी हस्तियों ने भी दिग्गज नेता को अंतिम नमन किया।

मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार श्री नल्लाकन्नु को 21 तोपों की सलामी के साथ पूर्ण राजकीय सम्मान दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित