पटना , अक्टूबर 14 -- िन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने राघोपुर में गंगा नदी में हुई नाव दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। श्री सुमन ने आज बयान जारी कर कहा कि यह हादसा अत्यंत हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति दें। उन्होंने प्रशासन से राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने, पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने और दुर्घटना की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही, नाव परिचालन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया।

डॉ. सुमन ने कहा कि राघोपुर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का राजनीतिक क्षेत्र है। ऐसे में वहां हुई इस हृदयविदारक दुर्घटना को लेकर उनकी जिम्मेदारी केवल संवेदना व्यक्त करने तक सीमित नहीं होनी चाहिए। जनता संकट के समय नेताओं से घड़ियाली संवेदना या राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि जवाबदेही, सक्रियता और ठोस पहल की अपेक्षा करती है। जनप्रतिनिधित्व का असली अर्थ जनता के सुख-दुःख में साथ खड़ा होना और उसकी सुरक्षा के लिए प्रभावी प्रयास करना है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए नाव परिचालन में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन, नियमित निगरानी और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करना अनिवार्य है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित