राघोपुर , अक्टूबर 20 -- जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर मंगलवार को दशहरा के दिन उन पीड़ित परिवारों से मिले, जिनके 13 बच्चों की दुखद मृत्यु पिछले दिनों नाव पलटने से हो गयी थी।

श्री किशोर ने पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद कहा कि इस दुखद घटना को लेकर लोगों के मन में कई सवाल हैं। नाव की फिटनेस कैसी थी और क्या प्रशासन को इस तरह की घटना की आशंका या इससे संबंधित कोई जानकारी थी, इन सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हादसे की गंभीरता को देखते हुए उच्चस्तरीय जांच कराई जाए और एसडीआरएफ की भूमिका में यदि कोई लापरवाही सामने आती है तो उसके लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जाए।

जनसुराज के सूत्रधार ने कहा कि पीड़ित परिवारों को कम से कम 25 लाख रुपये की सहायता राशि दी जानी चाहिए और सरकार के मुखिया को भी घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ितों से मिलना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित