बैतूल , अगस्त 28 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में रक्षाबंधन के पर्व को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए अखिल विश्व गायत्री परिवार ने विशेष जनजागरण अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के साथ उन्हें नशे से दूर रहने तथा नारी की गरिमा और सम्मान की रक्षा का संकल्प दिलाएंगी। इसके लिए जिले में करीब 10 हजार संकल्प पत्र वितरित किए गए हैं।

गायत्री परिवार के जिला समन्वयक रविशंकर पारखे ने बताया कि अभियान का उद्देश्य रक्षाबंधन के पारंपरिक भाव को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ना है। अभियान के दौरान बहनें भाइयों को शराब, तंबाकू, गुटखा, बीड़ी-सिगरेट सहित अन्य नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों की जानकारी देकर नशामुक्त जीवन जीने का संकल्प लेने का आग्रह करेंगी।

उन्होंने बताया कि संकल्प पत्र में नशे से दूर रहने के साथ नारी सम्मान, सुरक्षा और गरिमा बनाए रखने का संकल्प भी शामिल किया गया है। गायत्री परिवार के कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को अभियान से जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना है कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और पारिवारिक रिश्ते को मजबूत करने वाला पर्व है और इसी भावना को सामाजिक संदेश से जोड़कर सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है।

अभियान के तहत बहनों से आग्रह किया जा रहा है कि वे राखी बांधते समय भाइयों से केवल अपनी रक्षा का वचन लेने के बजाय समाज को नशामुक्त बनाने और महिलाओं के सम्मान की रक्षा का संकल्प भी दिलाएं। संगठन का मानना है कि परिवार से शुरू होने वाला यह संकल्प आगे चलकर समाज में व्यापक परिवर्तन का आधार बन सकता है।

कार्यकर्ताओं के अनुसार नशे की लत से परिवारों पर आर्थिक और सामाजिक प्रभाव पड़ता है तथा कई बार घरेलू विवाद और अन्य समस्याएं भी बढ़ती हैं। युवाओं और पुरुषों को नशे से दूर रखने के साथ महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार के लिए जागरूक करना अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

गायत्री परिवार ने जिले के नागरिकों, विशेषकर बहनों और भाइयों से अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है। संगठन का लक्ष्य रक्षाबंधन के माध्यम से नशामुक्त परिवार और नारी सम्मान को सामाजिक आंदोलन का रूप देना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित