राजनांदगांव , अगस्त 28 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में रक्षाबंधन के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण रविन्द्र वैष्णव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न थानों और पुलिस चौकियों में पहुंचकर पुलिस जवानों को राखी बांधी तथा उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
छुरिया थाना, गैंदाटोला थाना, जोब पुलिस चौकी और चिचोला पुलिस चौकी में आयोजित कार्यक्रमों में महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने जवानों को तिलक लगाया, उनकी कलाई पर रक्षासूत्र बांधा और मिठाई खिलाकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य बिरम मंडावी, जिला भाजपा मंत्री मीना पुजेरी, महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं जनपद सदस्य राधिका चंद्रवंशी, महिला मोर्चा मीडिया प्रभारी मालती उईके, महिला मोर्चा गैंदाटोला अध्यक्ष हीना शिंदे, जनपद पंचायत सभापति उत्तरा निषाद, जनपद सदस्य हेमिन साहू, पार्षद गौरी सिन्हा, पार्षद सलुजा कोमरे, एल्डरमेन संगीता यादव, जनपद सदस्य भारती देवांगन, ममता सोनटेके सहित महिला मोर्चा की कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
जिला पंचायत अध्यक्ष वैष्णव ने कहा कि पुलिस जवान परिवार से दूर रहकर हर समय जनता की सुरक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। जब समाज अपने परिवार के साथ त्योहार मनाता है, उस समय भी पुलिस जवान अपनी ड्यूटी को प्राथमिकता देते हुए सुरक्षा व्यवस्था संभालते हैं। ऐसे में रक्षाबंधन पर जवानों की कलाई पर राखी बांधना उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि बहनों की राखी केवल एक धागा नहीं, बल्कि पुलिस जवानों के प्रति विश्वास, सम्मान और आत्मीयता का प्रतीक है। समाज की सुरक्षा में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने जवानों की कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना की सराहना करते हुए उनके तथा उनके परिवारों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।
महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने जवानों के स्वस्थ जीवन और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान पुलिस जवानों ने भी इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित