धार , अगस्त 23 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के मांगोद-मनावर स्टेट हाईवे पर जीराबाद के समीप रविवार दोपहर भीषण सड़क दुर्घटना में पिता-पुत्र और काका की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय बालिका गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार के सदस्य रक्षाबंधन पर बहन को घर आने का निमंत्रण देने के लिए बाइक से जा रहे थे। हादसा बहन के घर से करीब पांच किलोमीटर पहले हुआ। घटना के बाद परिवार में त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
पुलिस के अनुसार केशवी निवासी मजदूर अंतरसिंह (32) अपने चार वर्षीय पुत्र अशोक, 12 वर्षीय बेटी रेशम और 50 वर्षीय काका भूरूसिंह के साथ रविवार दोपहर करीब 12 बजे बाइक से मनावर रोड स्थित रोडदा गांव में अपनी बहन को रक्षाबंधन पर घर आने का निमंत्रण देने जा रहे थे। डागरिया वन गांव के पास उनकी बाइक को बोलेरो वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अंतरसिंह, उनके पुत्र अशोक और काका भूरूसिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रेशम गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल बालिका को जीराबाद पुलिस ने उपचार के लिए गंधवानी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम और जीराबाद पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए गंधवानी अस्पताल भेजे गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सड़क से काफी दूर जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। जीराबाद चौकी प्रभारी रविंद्र चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बोलेरो अमझेरा से जीराबाद की ओर जा रही थी और उसने आगे चल रही बाइक को टक्कर मारी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान लिए जा रहे हैं।
दर्दनाक हादसे के बाद मांगोद-मनावर मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर क्षतिग्रस्त बाइक और शवों को देखकर राहगीर भी स्तब्ध रह गए। जिस घर में रक्षाबंधन पर भाई के आने की तैयारी हो रही थी, वहां हादसे की सूचना के बाद मातम छा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित