चंडीगढ़ , अक्टूबर 22 -- हरियाणा के सहकारिता, पुरातत्व, पर्यटन एवं संग्रहालय मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि ऐतिहासिक पुरातात्विक स्थल राखीगढ़ी में आधुनिक संग्रहालय परिसर का निर्माण कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। परियोजना के शेष कार्यों के लिए 180 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इससे राखीगढ़ी को विश्वस्तरीय पुरातात्विक एवं पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
डॉ. शर्मा राखीगढ़ी महोत्सव के तहत आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राखीगढ़ी हड़प्पा सभ्यता की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विकसित नगर नियोजन और प्राचीन जीवनशैली का महत्वपूर्ण प्रतीक है। सरकार इस ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण और इसकी पहचान राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि आधुनिक संग्रहालय परिसर के साथ ऑडिटोरियम भी बनाया जाएगा। यहां पुरातात्विक अवशेषों और हड़प्पा सभ्यता से जुड़े तथ्यों को व्यवस्थित ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा। यह परिसर विद्यार्थियों, शोधार्थियों, इतिहासकारों और पर्यटकों के लिए ज्ञान का प्रमुख केंद्र बनेगा। पर्यटकों की सुविधा के लिए राखीगढ़ी में विश्राम गृह का निर्माण भी पूरा हो चुका है।
मंत्री ने कहा कि राखीगढ़ी में उत्खनन के दौरान मिले पुरातात्विक साक्ष्य प्राचीन समाज की जीवनशैली, सामाजिक व्यवस्था, शिल्पकला और नगर नियोजन को समझने में महत्वपूर्ण हैं। संग्रहालय बनने से इन खोजों को बेहतर तरीके से प्रस्तुत किया जा सकेगा और भावी पीढ़ियों को अपनी ऐतिहासिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित