बारामती , फरवरी 26 -- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता और पूर्व पार्षद किरण गुजर ने गुरुवार को यहां दावा किया कि नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) और विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने पुष्टि की है कि दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे का ब्लैक बॉक्स पूरी तरह सुरक्षित है।

वह यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। श्री गूजर ने कहा कि उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार के साथ-साथ वरिष्ठ नेता सुनील तटकरे, प्रफुल्ल पटेल और पार्थ पवार ने इस घटना की सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस संबंध में प्रक्रिया शुरू कर दी है। श्री गूजर ने सभी संबंधित पक्षों से अपील की कि वे इस संवेदनशील मामले की चल रही जांच में किसी भी प्रकार का भ्रम या विसंगति पैदा न करें।

मीडिया को संबोधित करते हुए श्री गुजर ने दोहराया कि ब्लैक बॉक्स सुरक्षित है और जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। हालांकि, उन्होंने उम्मीद जताई कि इस प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों की रिपोर्ट में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। गुजर ने स्पष्ट किया कि अंतिम रिपोर्ट जमा करने से पहले तकनीकी पहलुओं की गहन जांच की आवश्यकता होती है, जिसमें समय लगता है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में आग के कारण ब्लैक बॉक्स के क्षतिग्रस्त होने की आशंका थी, लेकिन अब इसके सुरक्षित होने की पुष्टि वाली रिपोर्ट को स्वीकार किया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित