मुंबई , मार्च 02 -- शिवसेना (यूबीटी) नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने ईरान पर अमेरिकी-इजरायली हमले को 'शैतानी हरकत' बताते हुए इस घटना पर चुप्पी साधने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तीखी आलोचना की।

श्री राउत ने ईरान में लड़कियों के एक स्कूल पर बमबारी की कड़े शब्दों में निंदा की, जिसमें लगभग 100 मासूम लड़कियों की मौत हो गई। उन्होंने सवाल किया, "दुनिया को इस हरकत की निंदा करनी चाहिए। प्रधानमंत्री को भी इसकी निंदा करनी चाहिए। राष्ट्रपति को भी निंदा करनी चाहिए। अगर इजरायल के हमले में 100 मासूम लड़कियां मारी जाती हैं, तो चुप्पी क्यों है? प्रधानमंत्री ने चुप रहना क्यों चुना है?"श्री राउत ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा, "आप ऐसी शैतानी सोच वाले नेताओं को गले लगाते हैं और उनके गले में मेडल डालकर भारत में उनका स्वागत करते हैं, फिर भी ऐसे अत्याचारों पर चुप रहते हैं। इस चुप्पी के पीछे कोई रहस्य लगता है।" उन्होंने कहा कि भारत और मोदी को सबसे पहले ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की हत्या पर दुख जताना चाहिए।

श्री राउत ने कहा, "वह लोगों द्वारा चुनी गई देश के लिए काम करने वाली सरकार के सबसे बड़े नेता थे। जिस तरह से युद्ध में उनकी हत्या की गई, वह निंदनीय है। ईरान भारत का पारंपरिक और पुराना दोस्त रहा है। कश्मीर मुद्दे से लेकर संकट के समय तक ईरान भारत के साथ खड़ा रहा है। भारत-पाकिस्तान के संघर्ष के दौरान भी ईरान ने भारत का साथ दिया।" उन्होंने बताया कि ईरान ने पहले भी भारत को सबसे सस्ता कच्चा तेल आपूर्ति किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित