मोहाली , मई 11 -- राउंडग्लास हॉकी अकादमी (आरजीएचए) ने केन्या की राजधानी नैरोबी में आयोजित सिख यूनियन क्लब नैरोबी शताब्दी समारोह हॉकी टूर्नामेंट 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
सिख यूनियन क्लब की 100वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में विभिन्न अंतरराष्ट्रीय क्लबों ने हिस्सा लिया। कोच कंकाला विष्णु और मैनेजर मनीष पांडे के मार्गदर्शन में खेल रही राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पूरे टूर्नामेंट में एस्ट्रो-टर्फ मैदानों पर बेहतरीन खेल, शानदार रणनीति और आक्रामक प्रदर्शन का परिचय दिया और फाइनल तक पहुंचकर खिताब अपने नाम किया।
ग्रुप चरण में मेजबान नैरोबी सिख यूनियन के खिलाफ 1-4 की हार के साथ शुरुआत करने के बावजूद, आरजीएचए के खिलाड़ियों ने जबरदस्त जज्बा दिखाया। इसके बाद टीम ने लगातार जीत का सिलसिला शुरू किया और अपने बाकी ग्रुप मुकाबलों में एकतरफा जीत दर्ज की। टीम ने लंदन सिख यूनियन को 9-0 से रौंदा, सैटेलाइट्स को 7-1 से हराया और नाइजर फ्लिकर्स को 8-3 से मात देकर नॉकआउट चरण में प्रवेश किया।
सेमीफाइनल में भी टीम ने अपना शानदार गोल स्कोरिंग प्रदर्शन जारी रखा और सैटेलाइट्स के खिलाफ दोबारा हुए मुकाबले में 7-2 की बड़ी जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित