पौड़ी , जून 25 -- उत्तराखंड में युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पौड़ी पुलिस ने रांसी स्टेडियम में गुरुवार को आयोजित खेल प्रशिक्षण शिविर में विशेष जागरूकता एवं परीक्षण अभियान चलाया। अभियान के तहत लगभग 60 खिलाड़ियों की ड्रग डिटेक्शन किट से जांच की गई, जिसमें सभी खिलाड़ियों की रिपोर्ट नेगेटिव आई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे नशा उन्मूलन अभियान के अंतर्गत यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस, क्रीड़ा विभाग और चिकित्सा विभाग की संयुक्त टीम ने खिलाड़ियों की स्वेच्छा से जांच करने के साथ-साथ उन्हें नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी किया।
अधिकारियों ने खिलाड़ियों को बताया कि नशा न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि उनके खेल करियर, सामाजिक प्रतिष्ठा और भविष्य पर भी गंभीर नकारात्मक प्रभाव डालता है। खिलाड़ियों से अपील की गई कि वे नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपने खेल और जीवन के लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करें।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति और मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित उपलब्ध सेवाओं की जानकारी भी खिलाड़ियों को दी गई। अधिकारियों ने युवाओं को गलत संगति, दबाव और प्रलोभनों से बचने तथा अनुशासित एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में नशा उन्मूलन अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल, शिक्षा और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित