रांची , अगस्त 11 -- झारखंड में 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2026-27 में प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के चयन के लिए 12 अगस्त को खेलगांव, रांची में नौ खेलों की राज्य स्तरीय खुली चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी।
यह आयोजन स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से किया जा रहा है। इसमें राज्य के सरकारी और निजी विद्यालयों में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे।
चयन प्रक्रिया में कुश्ती, जिम्नास्टिक, योगासन, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, भारोत्तोलन, तैराकी, टेबल टेनिस और सॉफ्टबॉल शामिल हैं। खिलाड़ियों का चयन निर्धारित आयु वर्ग और प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा।
कुश्ती और जिम्नास्टिक का चयन गणपत राय इंडोर स्टेडियम, योगासन का बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम के हॉल, हैंडबॉल व बास्केटबॉल का हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम, भारोत्तोलन का वेटलिफ्टिंग हॉल, तैराकी का स्वीमिंग स्टेडियम, टेबल टेनिस का खेलगांव परिसर और सॉफ्टबॉल का बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम के प्रैक्टिस ग्राउंड में होगा।
सभी नौ खेलों के लिए खिलाड़ियों का पंजीयन सुबह 7 बजे से 10 बजे तक किया जाएगा। खिलाड़ियों के लिए संबंधित खेल की निर्धारित आयु, पात्रता और आवश्यक दस्तावेजों की शर्तों का पालन करना अनिवार्य होगा।
आयोजन समिति के अनुसार चयन प्रक्रिया निर्धारित नियमों और मानकों के तहत पारदर्शी तरीके से पूरी की जाएगी।
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी-सह-आयोजन सचिव धीरसेन ए. सोरेंग ने बताया कि चयन प्रक्रिया को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों की सुविधा और आयोजन के सफल संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित