रांची , जून 29 -- झारखंड की राजधानी रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित चन्द्राटोली गांव में सोमवार सुबह एक हृदयविदारक हादसे में दो सगे भाइयों की कुएं में डूबने से मौत हो गई।

मृतकों की पहचान 42 वर्षीय सुखराम मुंडा और 35 वर्षीय विनोद मुंडा के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिवार में कोहराम मच गया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह खेत से लौटने के बाद विनोद मुंडा कुएं से पानी निकालने गया था। इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह करीब 30 फीट गहरे कुएं में गिर गया। छोटे भाई को डूबता देख बड़े भाई सुखराम मुंडा बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने के लिए तुरंत कुएं में कूद पड़े। काफी प्रयास के बाद उन्होंने विनोद को पानी के ऊपर तक खींच लिया, लेकिन कुएं में अधिक पानी होने और बाहर निकलने का कोई सुरक्षित रास्ता नहीं होने के कारण दोनों की डूबकर मौत हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि विनोद मुंडा मिर्गी का मरीज था और अविवाहित था। जिस कुएं में यह हादसा हुआ, उसका निर्माण दो वर्ष पहले मनरेगा योजना के तहत कराया गया था, लेकिन अब तक उस पर सुरक्षा के लिए मुंडेर (बाउंड्री वॉल) नहीं बनाई गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कुएं पर मुंडेर होती तो संभवतः यह हादसा टल सकता था।

घटना की सूचना मिलते ही अनगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। इधर, ग्रामीणों और पूर्व मुखिया मधुसूदन मुंडा ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने के साथ-साथ क्षेत्र के सभी खुले कुओं पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित