रांची , अक्टूबर 20 -- झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार, 21 अक्टूबर को मां दुर्गा की प्रतिमाओं की विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी।

इसके लिए विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर के अलग-अलग पूजा पंडालों से गाजे-बाजे के साथ विसर्जन जुलूस निकलेगा, जो पारंपरिक मार्गों से होते हुए निर्धारित तालाबों और डैम तक पहुंचेगा। कई पूजा समितियों की शोभायात्रा बड़ा तालाब पहुंचेगी, जहां पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।

रांची जिला दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि विभिन्न पूजा पंडालों की प्रतिमाएं पारंपरिक मार्गों से होते हुए निर्धारित तालाबों और डैम में विसर्जित की जाएंगी। इसके लिए पूजा समितियां अपने स्तर पर तैयारियों में जुटी हैं। विसर्जन शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

।विभिन्न पूजा पंडालों से बुधवार दोपहर 3:30 बजे गाजे-बाजे के साथ विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए बड़ा तालाब पहुंचेगी। यहां पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।

वहीं, महानगर दुर्गा पूजा समिति की विसर्जन शोभायात्रा दोपहर तीन बजे बिहार क्लब से निकलेगी। समिति के अध्यक्ष रविंद्र वर्मा ने बताया कि शोभायात्रा शहर के विभिन्न इलाकों से होते हुए बड़ा तालाब पहुंचेगी। इस दौरान मां दुर्गा को विदाई देने के लिए श्रद्धालु शामिल होंगे।

श्री राम लला दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष अशोक चौधरी ने बताया कि समिति की बड़ी प्रतिमा का विसर्जन पंडाल परिसर में ही किया जाएगा, जबकि छोटी प्रतिमा का विसर्जन बड़ा तालाब में होगा।

इसके अलावा शहर की अन्य पूजा समितियां भी अपने-अपने निर्धारित तालाबों और डैम में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का विसर्जन करेंगी। विसर्जन के साथ ही दुर्गा पूजा उत्सव का समापन होगा। श्रद्धालु नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई देकर अगले वर्ष फिर आने की कामना करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित