रांची , सितंबर 16 -- झारखंड की राजधानी रांची में आज 2018 बैच की महिला दारोगा सुमित्रा कच्छप की इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतक सुमित्रा कच्छप की गिरिडीह जिले में पोस्टिंग थी, जो वर्तमान में झारखंड हाई कोर्ट रांची में गिरिडीह जिला बल के कोर्ट नोडल पदाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त थी।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, डिलीवरी के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उपचार के क्रम में ही उन्होंने अंतिम सांस ली।

महिला दारोगा के आकस्मिक निधन की खबर से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस अधिकारियों और सहकर्मियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

अधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुमित्रा कच्छप के पार्थिव शरीर को रांची पुलिस लाइन लाया जाएगा। यहां झारखंड पुलिस की ओर से उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित