रांची , सितंबर 07 -- झारखंड की राजधानी रांची के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित उर्दू दैनिक 'अखबार-ए-मशरिक' के प्रिंटिंग प्रेस और दफ्तर में सोमवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापेमारी की। यह कार्रवाई तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राज्यसभा सांसद और अखबार के निदेशक मोहम्मद नदीमुल हक से जुड़े मामले में की गई है।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम ने रांची के अलावा कोलकाता और दिल्ली समेत कुल सात ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई शुरू की। जांच एजेंसी की टीमें संबंधित परिसरों में दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।
बताया जा रहा है कि 'अखबार-ए-मशरिक' से जुड़े मामले में सांप्रदायिक तनाव बढ़ाने वाली सामग्री के प्रकाशन और प्रसार, बेहिसाब नकद लेन-देन तथा संदिग्ध स्रोतों से फंडिंग के आरोपों की जांच की जा रही है। अखबार का संबंध टीएमसी के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक से बताया जा रहा है।
ईडी की टीमों ने रांची, दिल्ली और कोलकाता में संबंधित परिसरों की तलाशी लेकर दस्तावेजों और अन्य अहम साक्ष्यों को खंगालना शुरू किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित