रांची , जुलाई 19 -- झारखंड की राजधानी रांची स्थित जयपाल सिंह मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के सभागार में रविवार को हॉकी झारखंड की 13वीं वार्षिक आमसभा आयोजित हुई।

बैठक की अध्यक्षता हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने की। आमसभा में वर्ष 2026-2030 के लिए नई 11 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति का गठन किया गया, जिसमें सभी पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए।

चुनाव अधिकारी एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि सभी 11 पदों के लिए केवल एक-एक वैध नामांकन प्राप्त हुआ था। जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

नई कार्यकारिणी में भोलानाथ सिंह लगातार चौथी बार अध्यक्ष चुने गए। भारतीय खेल नीति-2025 के प्रावधानों के तहत अंतरराष्ट्रीय खेल संघ में पदाधिकारी होने के कारण उन्हें फिर से अध्यक्ष चुना गया। मनोज कुमार प्रसाद (मनोज कोनबेगी) महासचिव तथा असरिता लकड़ा कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुईं।

इसके अलावा अरविंद सिंह, अशोक भगत और चंद्रयाणी मजूमदार उपाध्यक्ष, सुरजीत कुमार झा और दुलारी टोपनो संयुक्त सचिव, जबकि जयदीप महाराणा, संजय कुमार गुप्ता और पल्लवी कच्छप कार्यकारिणी सदस्य चुने गए। खिलाड़ी प्रतिनिधि के रूप में जयंत केरकेट्टा और बिगन सोय तथा एथलीट समिति में तारिणी कुमारी और नरबोट कुजूर का चयन किया गया।

आमसभा में वर्ष 2025-26 के वार्षिक लेखा-जोखा, सचिवीय प्रतिवेदन, लेखा-परीक्षित आय-व्यय विवरण, आगामी वित्तीय वर्ष के लेखा परीक्षक की नियुक्ति, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिताओं की मेजबानी तथा खिलाड़ियों के प्रदर्शन सहित आठ प्रमुख एजेंडों पर चर्चा के बाद सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

बैठक के दौरान हॉकी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य के 20 जिलों को प्रति जिला 65 हजार रुपये मूल्य के खेल किट वितरित किए गए। इन किटों में हॉकी स्टिक और हॉकी बॉल शामिल हैं। हॉकी झारखंड ने बताया कि जिन चार जिलों को पहले ही किट उपलब्ध कराए जा चुके थे, उन्हें छोड़कर शेष 20 जिलों को यह सहायता दी गई।

निवर्तमान महासचिव विजय शंकर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 12 वर्षों में पारदर्शी चयन प्रक्रिया और सभी जिलों के सहयोग से झारखंड हॉकी ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने बताया कि इस अवधि में राज्य के 35 खिलाड़ियों ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है, जबकि वर्तमान में 15 खिलाड़ी विभिन्न स्तरों पर टीम इंडिया का हिस्सा हैं और 20 खिलाड़ी राष्ट्रीय शिविर में प्रशिक्षण ले रहे हैं।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने लगातार चौथी बार अध्यक्ष चुने जाने पर सभी जिला इकाइयों और सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से झारखंड में हॉकी के विकास की गति आगे भी जारी रहेगी और राज्य को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियां दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित