रांची , अक्टूबर 03 -- झारखंड की राजधानी रांची में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर निगरानी मजबूत करने के लिए शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त और अपग्रेड किया जा रहा है।

लंबे समय से बंद या खराब पड़े कैमरों की मरम्मत कर उन्हें दोबारा सक्रिय करने का काम शुरू किया गया है।

शहर के कई प्रमुख स्थानों पर पहले से सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे, लेकिन रखरखाव के अभाव में कई कैमरे बंद हो गए थे या उनकी तस्वीर स्पष्ट नहीं आ रही थी। इसका असर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की पहचान और ई-चालान की प्रक्रिया पर भी पड़ रहा था।

तकनीकी टीम करमटोली चौक, सुजाता चौक, अल्बर्ट एक्का चौक समेत अन्य प्रमुख चौराहों पर लगे कैमरों की जांच और मरम्मत में जुटी है। कर्मचारियों द्वारा क्रेन और लिफ्ट की मदद से पोल पर लगे कैमरों को ठीक किया जा रहा है। खराब उपकरणों को दुरुस्त करने के साथ कैमरों की तकनीकी क्षमता की भी जांच की जा रही है।

मरम्मत के बाद इन कैमरों को कंट्रोल रूम से जोड़कर लाइव मॉनिटरिंग व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। इससे बिना हेलमेट वाहन चलाने, ट्रिपल राइडिंग, रेड लाइट जंप करने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और ओवरस्पीडिंग जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर नजर रखना आसान होगा। कैमरों के जरिए नियम तोड़ने वाले वाहनों की पहचान कर ई-चालान की कार्रवाई भी तेज होने की उम्मीद है।

इसके अलावा रात के समय होने वाली हुड़दंग, संदिग्ध गतिविधियों और अन्य असामाजिक घटनाओं पर भी निगरानी रखने में सीसीटीवी मददगार साबित होंगे। किसी घटना के बाद फुटेज के आधार पर संदिग्धों और वाहनों की पहचान में भी पुलिस को सहायता मिल सकती है।

राजधानी के प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी व्यवस्था को दोबारा सक्रिय करने की पहल से यातायात प्रबंधन और शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित