रांची , अगस्त 27 -- झारखंड की राजधानी रांची के डोरंडा स्थित क्षेत्रीय लेखा कार्यालय में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की।

सीबीआई की टीम ने एक अकाउंट ऑफिसर को कथित तौर पर Rs.19,500 रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान दो अन्य अकाउंट ऑफिसर्स को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बिल पास कराने के बदले रिश्वत मांगे जाने की शिकायत सीबीआई को मिली थी। शिकायत के आधार पर टीम ने जाल बिछाया और रिश्वत की रकम लेते अधिकारी को पकड़ लिया। इसके बाद कार्यालय में मौजूद दो अन्य अधिकारियों को भी हिरासत में लिया गया।

बताया जा रहा है कि हिरासत में लिए गए अधिकारी अकाउंट इंचार्ज के अधीन काम करते हैं। सीबीआई की टीम फिलहाल कार्यालय में दस्तावेजों और संबंधित रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही अधिकारियों से पूछताछ कर रिश्वतखोरी के पूरे मामले और इसमें अन्य लोगों की संभावित भूमिका की जांच की जा रही है। मामले में सीबीआई की जांच पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित