रांची , अक्टूबर 19 -- झारखंड की राजधानी रांची में विजयादशमी के अवसर पर रावण दहन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

मंगलवार, 20 अक्टूबर को शहर के विभिन्न स्थानों पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के विशालकाय पुतलों का दहन किया जाएगा। इस दौरान भव्य आतिशबाजी भी होगी। शहर में मोरहाबादी मैदान, अरगोड़ा मैदान और एचईसी के शालीमार मैदान समेत टाटीसिलवे, तुपुदाना और हुंडरू में रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी प्रमुख आयोजनों में शाम चार बजे से कार्यक्रम शुरू होने की तैयारी है।

मोरहाबादी मैदान में पंजाबी हिंदू बिरादरी की ओर से भव्य दशहरा उत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत शाम चार बजे होगी, जबकि पुतला दहन शाम 5:30 बजे के बाद किया जाएगा। आयोजन में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आमंत्रित किया गया है। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ कुंभकर्ण और विधायक सीपी सिंह मेघनाद के पुतले का दहन करेंगे।

इस वर्ष यहां रावण का पुतला 70 फीट, कुंभकर्ण का 65 फीट और मेघनाद का 60 फीट ऊंचा बनाया गया है। इसके साथ ही 30x30 फीट की दो मंजिला सोने की लंका भी तैयार की जा रही है। लंकादहन के दृश्य के बाद तीनों पुतलों का दहन किया जाएगा।

अरगोड़ा मैदान में श्री दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति की ओर से कार्यक्रम आयोजित होगा। इस बार यहां 60 फीट ऊंचे रावण और 50 फीट ऊंचे कुंभकर्ण व मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। समिति के मुख्य संरक्षक पंकज साहू के अनुसार, पुतला दहन से पहले लंका के साथ भव्य आतिशबाजी की जाएगी।

एचईसी के शालीमार बाजार मैदान में भी विजयादशमी पर रावण दहन समारोह आयोजित किया जाएगा। यहां 60 फीट ऊंचे रावण और 55 फीट ऊंचे कुंभकर्ण के पुतले का दहन होगा। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह है।

रावण दहन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए आयोजकों और प्रशासन की ओर से सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और लोगों की सुविधा के लिए तैयारियां की गई हैं। आतिशबाजी और पुतला दहन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित