रांची , अक्टूबर 30 -- झारखंड की राजधानी रांची के लोअर बाजार थाना क्षेत्र के डंगरा टोली में शुक्रवार को एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।

मृतका मूल रूप से लातेहार जिले की रहने वाली थी और रांची में एक सेवानिवृत्त प्रोफेसर एमपी लकड़ा के घर में काम करती थी। वह मकान के दूसरे तल पर रहती थी।

मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह काफी देर तक जब किशोरी अपने कमरे से बाहर नहीं निकली तो घर के सदस्यों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद कमरे का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर जाने पर किशोरी का शव पड़ा मिला। घटना की जानकारी तत्काल लोअर बाजार थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मृतका के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है।

लोअर बाजार थाना प्रभारी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस हत्या समेत अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही किशोरी की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

घटनास्थल पर पुलिस के पहुंचने के काफी देर बाद एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम भी पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित