रांची , मार्च 05 -- झारखंड की राजधानी रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में दिसंबर 2025 में हुई दिव्यांग बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने आज खुलासा कर दिया है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड में एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार 5 दिसंबर 2025 को हटिया सिंहमोड़ के पास विजेता इंक्लेव स्थित फ्लैट में रहने वाली बुजुर्ग महिला विश्वासी हन्ना तिरू की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद घर से नगद और लाखों रुपये के गहने भी गायब पाए गए थे।
पुलिस जांच के दौरान यह शक गहराया कि इस वारदात में किसी करीबी व्यक्ति का हाथ हो सकता है। जांच आगे बढ़ने पर पता चला कि महिला की केयरटेकर सलोमी होरो ही इस हत्याकांड की मुख्य साजिशकर्ता थी। बुजुर्ग महिला ने सलोमी को अपने बैंक खाते का नॉमिनी भी बनाया हुआ था।
पुलिस के अनुसार सलोमी ने अपने परिचित आरिफ खान को बताया था कि बुजुर्ग महिला के पास काफी गहने और नकदी है। इसके बाद आरिफ ने अपने दो साथियों हसन रज्जा और मोहमद शाहीन के साथ मिलकर 5 दिसंबर 2025 को बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी घर से नगद और गहने लेकर बिहार के भागलपुर फरार हो गए।
करीब चार महीने की जांच के बाद पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए सलोमी होरो, मोहमद आरिफ, हसन रज्जा और मोहमद शाहीन को गिरफ्तार कर लिया।
मृतका के भतीजे अनिल कुमार तिरू ने बताया कि वह अपनी चाची को खाना देने फ्लैट पर पहुंचे तो दरवाजा खुला था। अंदर जाकर देखा कि उनकी चाची जमीन पर खून से लथपथ पड़ी थीं और उनका गला कटा हुआ था। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतका के पति स्टीफन तिरू मेकॉन के सेवानिवृत्त कर्मचारी थे, जिनका 2024 में निधन हो गया था। इसके बाद विश्वासी हन्ना तिरू अकेले फ्लैट में रहती थीं और चलने-फिरने के लिए वॉकर का सहारा लेती थीं।
हटिया डीएसपी पी.के. मिश्रा ने बताया कि बुजुर्ग महिला की हत्या की साजिश घर की केयरटेकर सलोमी होरो ने रची थी। उसने अपने परिचित अपराधी आरिफ खान को घर में रखे गहनों और नकदी की जानकारी दी थी। पुलिस के मुताबिक भरोसे का फायदा उठाकर केयरटेकर ने ही संपत्ति के लालच में इस जघन्य हत्या की साजिश रची थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित