रांची , मई 27 -- झारखंड की राजधानी रांची में बकरीद पर्व को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

रांची पुलिस ने विधि व्यवस्था बनाए रखने और शांति-सौहार्द कायम रखने के उद्देश्य से आज शहर के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फिरायालाल चौक से सुजाता चौक, एकरा मस्जिद, कर्बला चौक, पथलकुदवा, चर्च रोड, थड़पखना मस्जिद, लालपुर, हिंदपीढ़ी, डेली मार्केट और कोतवाली समेत कई संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया गया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली एवं वरीय पुलिस उपाधीक्षक नगर ने बाइक दस्ते के साथ लोअर बाजार, हिंदपीढ़ी, डेली मार्केट, चुटिया, डोरंडा, सदर और बरियातू थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

फ्लैग मार्च का मुख्य उद्देश्य पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखना, आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम करना तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करना बताया गया। पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील इलाकों और जुलूस मार्गों पर तैनात पुलिस बलों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

मार्च में स्थानीय पुलिस उपाधीक्षक, थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी और जवानों के अलावा रैफ की एक कंपनी भी शामिल रही। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित