रांची , जून 18 -- झारखंड की राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र के सिंदवार टोली में घरेलू विवाद में पति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की पहचान बेला मुंडा के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति पवन मुंडा को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
बरियातू पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात पवन मुंडा ने घर में ही अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह परिजनों को मिली। इसके बाद बेला मुंडा को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने बताया कि अत्यधिक मारपीट के कारण उसकी मौत हुई है।
परिजने से मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात इलाके में बिजली नहीं रहने और भीषण गर्मी के कारण बच्चे एक रिश्तेदार के घर सोने चले गए थे। गुरुवार सुबह स्कूल जाने से पहले जब वे घर लौटे तो उन्होंने अपनी मां को खून से लथपथ हालत में पड़ा पाया, जबकि पिता घर से फरार था।
घटना की सूचना मिलते ही बरियातू थाना पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान सूचना मिली कि पवन मुंडा मोरहाबादी स्थित एदलहातू तालाब के पास छिपा हुआ है। पुलिस ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
।बरियातू थाना प्रभारी प्रकाश रजक ने बताया कि पति-पत्नी के बीच हुए आपसी विवाद के कारण यह घटना हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित