रांची , अगस्त 15 -- झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ चल रहे छात्र आंदोलन के बीच स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आंदोलनरत छात्रों ने राजधानी रांची की सड़कों पर तिरंगा मार्च निकाला।

हाथों में तिरंगा लेकर छात्रों ने देशभक्ति गीतों के साथ मार्च किया और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी की सीबीआई जांच की मांग दोहराई।

जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच एवं अन्य आंदोलित छात्र संगठनों के आह्वान पर निकाले गए मार्च में बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। करीब 300 मीटर लंबे तिरंगे के साथ युवा और छात्र हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर मार्च में शामिल हुए। छात्रों ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगें नहीं मानती, आंदोलन जारी रहेगा।

मार्च में शामिल एक छात्रा ने कहा कि सरकार यदि उनकी मांगें पूरी कर देती है तो छात्र स्वयं अपने घर लौट जाएंगे। एक अन्य छात्रा ने भी कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

एक छात्र ने कहा कि जेपीएससी-जेएसएससी सीजीएल जैसी भर्ती परीक्षाओं में पूरी पारदर्शिता जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिन परीक्षाओं में कथित धांधली हुई है, उनकी सीबीआई से जांच कराई जानी चाहिए। आंदोलन कमजोर पड़ने के सवाल पर छात्र ने कहा कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, आंदोलन जारी रहेगा।

तिरंगा मार्च में अनशन कर रहे दो छात्र भी व्हीलचेयर के जरिए शामिल हुए। आंदोलनरत छात्रों ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी और उनकी मांगें पूरी करेगी।

सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए तिरंगा मार्च के दौरान पुलिस प्रशासन की तैनाती रही। सुरक्षा के बीच यात्रा जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू होकर कचहरी चौक, लालपुर और परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए वापस जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंची।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित