रांची , जुलाई 26 -- झारखंड की राजधानी रांची ने रविवार को भारतीय फुटबॉल इतिहास का एक नया अध्याय देखा।

शहर में पहली बार प्रतिष्ठित डूरंड कप फुटबॉल प्रतियोगिता का मुकाबला खेला गया, जिसमें ग्रुप-सी के उद्घाटन मैच में जमशेदपुर एफसी ने श्रीलंका आर्मी डिफेंडर्स एफसी को 5-0 के बड़े अंतर से पराजित किया।

इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए बिरसा मुंडा स्टेडियम में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हेलीकॉप्टर से डूरंड कप का ध्वज स्टेडियम के ऊपर लहराना रहा, जिसने दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया। बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी इस ऐतिहासिक मुकाबले के साक्षी बने।

मैच में जमशेदपुर एफसी ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले हाफ की समाप्ति तक टीम 4-0 की मजबूत बढ़त बना चुकी थी। रेनियर फर्नांडिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन गोल दागकर हैट्रिक पूरी की, जबकि अमन सीके और देवेंद्र ने एक-एक गोल कर टीम की जीत को और मजबूत बनाया।

रांची को इस बार डूरंड कप के ग्रुप-सी के कुल छह मुकाबलों की मेजबानी मिली है। इस ग्रुप में जमशेदपुर एफसी और श्रीलंका आर्मी डिफेंडर्स एफसी के अलावा दिल्ली एफसी और इंडियन एयर फोर्स की टीमें भी शामिल हैं।

बिरसा मुंडा स्टेडियम में अगला मुकाबला 29 जुलाई को इंडियन एयर फोर्स और श्रीलंका आर्मी डिफेंडर्स एफसी के बीच खेला जाएगा। इस ऐतिहासिक आयोजन से झारखंड में फुटबॉल को नई पहचान मिलने और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित