रांची , जुलाई 15 -- झारखंड की राजधानी रांची में वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने देर रात एसपी सिटी के साथ शहर के विभिन्न थानों, रात्रि गश्ती व्यवस्था और महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान पुलिस की आपातकालीन तैयारियों, अनुशासन, रात्रि गश्ती और आम लोगों के लिए पुलिस की उपलब्धता का जायजा लिया गया। साथ ही विभिन्न सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर तैनात गार्डों की ड्यूटी की भी गहन जांच की गई, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न रहे।

वहीं निरीक्षण के दौरान हिंदपीढ़ी थाना में गंभीर लापरवाही सामने आई। ओडी ड्यूटी पर तैनात अधिकारी वर्दी में नहीं मिले, जबकि थाना प्रभारी को अपने ही ओडी अधिकारी का नाम तक पता नहीं था। इस अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने हिंदपीढ़ी थाना प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया।

एसएसपी ने शहर के विभिन्न स्थानों पर तैनात पीसीआर वैन की भी जांच कर उनकी सक्रियता का आकलन किया। इस दौरान मुस्तैदी और पूरी ईमानदारी से ड्यूटी निभा रहे पुलिसकर्मियों की सराहना भी की गई।

निरीक्षण के बाद एसएसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की हरसंभव मदद सुनिश्चित की जाए तथा रात के समय कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या उपद्रव करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित