रांची , अक्टूबर 11 -- झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) के छात्रावास में एक छात्र की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ।
मृतक की पहचान बिहार के भागलपुर जिले के नौगछिया निवासी आदित्य के रूप में हुई है। घटना से आक्रोशित विद्यार्थियों ने छात्रावास की बुनियादी सुविधाओं और प्रबंधन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए विरोध-प्रदर्शन किया। छात्र रातभर धरने पर बैठे रहे।
रविवार सुबह भी प्रदर्शन जारी रहा। बाद में विद्यार्थियों ने सड़क जाम कर संस्थान के निदेशक राजीव श्रीवास्तव के इस्तीफे की मांग की।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि शनिवार रात करीब 11:30 बजे तक आदित्य के कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो उसके दोस्तों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे तो आदित्य मृत मिला। दोस्त उसे तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालने का प्रयास किया। मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। फिलहाल, छात्र की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि आदित्य की तबीयत बिगड़ने के दौरान समय पर चिकित्सा सहायता नहीं मिल सकी। विद्यार्थियों का कहना है कि यदि समय पर एंबुलेंस और ऑक्सीजन की सुविधा उपलब्ध होती, तो उसकी जान बच सकती थी। छात्रों के मुताबिक, आदित्य को अस्पताल पहुंचाने के लिए द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों को खुद एंबुलेंस चलाकर जाना पड़ा।
विद्यार्थियों ने छात्रावास में आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था की कमी के साथ कैंटीन की अव्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल उठाए हैं। उनकी मांग है कि छात्रावास में सभी बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त की जाएं और आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम हों।
निदेशक को बुलाने की मांग, सड़क जामछात्रों ने संस्थान के निदेशक को मौके पर बुलाने और समस्याओं का समाधान करने की मांग की।
खेलगांव थाना के एक पदाधिकारी के अनुसार, निदेशक को मामले की जानकारी दे दी गई है। वहीं, प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने निदेशक पर सवालों का जवाब देने से बचने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है। छात्र की मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित