रांची , जुलाई 07 -- झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट सिटी इलाके में मंगलवार को एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से एक ई-रिक्शा भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने जांच के लिए जब्त कर लिया है।

फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और उसकी मौत के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। यह हत्या है या आत्महत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

वहीं पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित