रांची , अक्टूबर 04 -- झारखंड के स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के मैनेजमेंट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, राँची में स्वच्छता अभियान के तहत श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में संजय धर, कार्यपालक निदेशक (एम.टी.आई एवं एस.एस.ओ) ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों को स्वच्छता के महत्व तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ कार्यस्थल बनाए रखने के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक कार्य-संस्कृति का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। इसके बाद अधिकारियों एवं कर्मियों ने एम.टी.आई परिसर एवं उसके आसपास श्यामली कॉलोनी में श्रमदान करते हुए स्वच्छता अभियान चलाया और स्वच्छ एवं सुंदर परिसर बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के समापन पर श्रीमंत मल्लिक, मुख्य महाप्रबंधक, एम.टी.आई ने स्वच्छता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वच्छता हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से अपने कार्यस्थल एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एम.टी.आई के अधिकारियों एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित